नोएडा, 23 जुलाई।
नोएडा के थाना सेक्टर-126 क्षेत्र स्थित शाहपुर गांव में शराब पीने के बाद हुए विवाद में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मारपीट के दौरान धक्का लगने से वह पास में पड़े पत्थर पर गिर गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। अस्पताल में उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
थाना सेक्टर-126 के प्रभारी निरीक्षक सोमनेश कुमार सिंह ने बताया कि शाहपुर गांव निवासी शिशुपाल पुत्र मक्खन और उसका साथी टीटू ने मंगलवार रात साथ बैठकर शराब पी थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
पुलिस के अनुसार झगड़े के दौरान टीटू ने शिशुपाल को धक्का दिया, जिससे वह पास में पड़े पत्थर पर जा गिरा। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद उसके अन्य साथी उसे उपचार के लिए भंगेल गांव के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गुरुवार सुबह मृतक के परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने आरोपी टीटू को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है।












