जोधपुर, 28 जुलाई।
बासनी हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार मामले में बोरानाडा पुलिस ने 13 वर्ष से फरार चल रहे बासनी थाना क्षेत्र के एक स्थाई वारंटी को गिरफ्तार किया है। आरोपित के विरुद्ध अब तक 21 प्रकरण दर्ज पाए गए हैं। इनमें अधिकांश मामले आबकारी अधिनियम से जुड़े हैं। वह लंबे समय से फरार था और उसके खिलाफ स्थाई वारंट जारी था।
बोरानाडा थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि बासनी गांव निवासी इंद्र गिरी पुत्र किशोर गिरी के विरुद्ध स्थाई वारंट जारी किया गया था। वह पिछले 13 वर्षों से गिरफ्तारी से बचता फिर रहा था। उसकी तलाश के लिए पुलिस की विशेष टीम गठित की गई थी, जिसने अब उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपित के खिलाफ कुल 21 प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें अधिकतर मामले आबकारी अधिनियम के हैं। कुछ मामलों की सुनवाई अभी भी न्यायालय में लंबित है।
आरोपित के विरुद्ध बासनी, करवड़, बनाड़, बोरानाडा, सदर सीकर, चौपासनी हाउसिंग बोर्ड तथा आबकारी थाना पश्चिम में आबकारी से संबंधित प्रकरण दर्ज हैं।


















