जांजगीर-चांपा, 28 जुलाई।
जिले के जांजगीर-नैला नगरपालिका क्षेत्र में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वार्ड क्रमांक 14 का मानसिक रूप से कमजोर युवक दुर्गेश राठौर कथित तौर पर आत्महत्या की कोशिश के इरादे से पानी की टंकी पर चढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
सूचना मिलने के बाद जिला पुलिस की रिस्पांस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। पुलिसकर्मियों ने धैर्य और सूझबूझ के साथ उससे लगातार बातचीत की तथा उसे शांत कर नीचे आने के लिए समझाया।
लंबी समझाइश के बाद पुलिस टीम युवक को सुरक्षित पानी की टंकी से नीचे उतारने में सफल रही। पुलिस की तत्परता और टीम के समन्वित प्रयासों से एक बड़ा हादसा टल गया। युवक के सुरक्षित नीचे आने के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने राहत महसूस की।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई की सराहना की। लोगों का कहना था कि समय पर पुलिस के पहुंचने और समझदारी से किए गए प्रयासों के चलते युवक की जान बच सकी। पुलिस ने युवक की स्थिति को देखते हुए आवश्यक जानकारी जुटाई और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।


















