Naidunia Live
• टॉप न्यूज़ • मध्य प्रदेश • विज्ञान व प्रौद्योगिकी • अपराध • शिक्षा • संपादकीय • धर्म / अध्यात्म • वीडियो स्टोरी • मौसम • त्योहार • प्रेरक कहानियाँ
• वीडियो • न्यूज़ आर्काइव

सरकार व नीतियाँ
28 Jul, 2026

भोपाल में मप्र कैबिनेट ने 2,480 करोड़ रुपये के प्रस्ताव मंजूर किए

महिला हॉकी चैम्पियन्स ट्रॉफी, सिंचाई परियोजनाओं और आईटी पार्क समेत कई विकास योजनाओं को मंजूरी

भोपाल, 28 जुलाई।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रालय में हुई मध्य प्रदेश कैबिनेट की बैठक में प्रदेश के सर्वांगीण विकास, बुनियादी ढांचे के विस्तार और जनकल्याण से जुड़े कार्यों के लिए करीब 2,480 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में खेल, सिंचाई, महिला सशक्तीकरण, सूचना प्रौद्योगिकी और किसान कल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि अक्टूबर 2026 में भोपाल में आयोजित होने वाली महिला एशियन हॉकी चैम्पियन्स ट्रॉफी के लिए 18.74 करोड़ रुपये की सैद्धांतिक स्वीकृति दी गई है। इसके साथ ही कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए रिहन्द और मल्हारगढ़ सिंचाई परियोजनाओं के संचालन तथा किसानों को समर्थन मूल्य पर बोनस भुगतान योजना की निरंतरता को भी मंजूरी मिली।

उन्होंने बताया कि आईआईएसईआर भोपाल में ड्रोन टेक्नोलॉजी आधारित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और आईटी पार्क के विकास के लिए 857 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वर्ष 2031 तक आईटी पार्कों के संचालन की निरंतरता को भी मंजूरी दी गई है, जिससे करीब 8,000 युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है। इसके अलावा मिशन शक्ति के तहत महिला सशक्तीकरण के लिए 198 करोड़ रुपये, कर्मचारी कल्याण एवं पेंशन योजनाओं के लिए 982 करोड़ रुपये, ग्वालियर में विद्युत सुरक्षा निरीक्षकालय के नए वृत्त कार्यालय तथा नारायणगढ़ में नौ नए न्यायिक पदों के सृजन को भी स्वीकृति दी गई।

अक्टूबर में भोपाल में होगी महिला एशियन हॉकी चैम्पियन्स ट्रॉफी

मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि अक्टूबर 2026 में बरखेड़ा नाथू स्थित अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में महिला एशियन हॉकी चैम्पियन्स ट्रॉफी 2026 आयोजित की जाएगी। मंत्रिपरिषद ने इस आयोजन पर संभावित 18.74 करोड़ रुपये के व्यय को सैद्धांतिक मंजूरी दी है।

उन्होंने बताया कि हॉकी इंडिया को अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ की ओर से देश में हॉकी प्रतियोगिताओं के संचालन और आयोजन की मान्यता प्राप्त है। वर्ष 2010 से यह प्रतियोगिता प्रत्येक दो वर्ष में आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता का उद्देश्य एशियाई महिला हॉकी टीमों की प्रतिभा को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करना है। इसमें भारत, चीन, जापान, मलेशिया, दक्षिण कोरिया और थाईलैंड की छह प्रमुख महिला टीमों के करीब 200 खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ के शामिल होने की संभावना है।

यह प्रतियोगिता हॉकी इंडिया और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगी। अनुबंध के अनुसार पेजेंटिंग पार्टनर अधिकारों के लिए हॉकी इंडिया को 11 करोड़ रुपये दिए जाएंगे, जबकि अन्य व्यवस्थाओं पर 7.74 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस प्रकार आयोजन पर कुल 18.74 करोड़ रुपये व्यय होने का अनुमान है।

भोपाल के बरखेड़ा नाथू स्थित अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स को आधुनिक तकनीक के अनुरूप अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए तैयार किया गया है। इस प्रतियोगिता के आयोजन से प्रदेश की खेल अधोसंरचना को वैश्विक पहचान मिलेगी, हॉकी खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा और प्रदेश में पर्यटन को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

रिहन्द माइक्रो सिंचाई परियोजना के लिए 111 करोड़ रुपये

मंत्री ने बताया कि मंत्रिपरिषद ने सिंगरौली की रिहन्द माइक्रो सिंचाई परियोजना के संचालन के लिए एक अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2031 तक की अवधि हेतु 111.04 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। परियोजना के माध्यम से 119 गांवों के 38,000 हेक्टेयर क्षेत्र में सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली से सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराया जाएगा।

मल्हारगढ़ सिंचाई परियोजना को 184.20 करोड़ रुपये

मंत्रिपरिषद ने मंदसौर की मल्हारगढ़ दाबयुक्त वृहद उद्वहन सिंचाई परियोजना के संचालन के लिए एक अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2031 तक 184.20 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। इस परियोजना का उद्देश्य जिले में 46,500 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई क्षमता विकसित करना है।

|
आज का राशिफल

अपने काम को प्राथमिकता से करें। धार्मिक आस्थाएं फलीभूत होंगी। लाभ होगा और पुराने मित्रों से समागम भी होगा। संतान पक्ष की समस्या समाप्त होगी। स्वभाव में सौम्यता आपकी मदद करेगी। जीवन साथी से संबंधों में मिठास बढ़ेगी। परामर्श व परिस्थिति सभी का सहयोग मिलेगा। शुभांक-3-5-7

आज का मौसम

भोपाल

24° / 28°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़