नई दिल्ली, 28 जुलाई।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने क्रिएट इन इंडिया चैलेंज सीजन-2 के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस पहल का उद्देश्य एनीमेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, गेमिंग, फिल्म, संगीत, डिजिटल मीडिया और अन्य रचनात्मक क्षेत्रों से जुड़े युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और नए अवसर हासिल करने का मंच उपलब्ध कराना है।
मंत्रालय के अनुसार, इसके पहले सीजन को देश और विदेश में अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी। एएसआईएफए इंडिया की ओर से आयोजित वेव्स अवार्ड ऑफ एक्सलेंस में भारत के 58 शहरों और 15 देशों से करीब 1,500 प्रविष्टियां प्राप्त हुई थीं। इनमें से 46 प्रतिभागियों को वेव्स 2025 में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला, जबकि 20 विजेताओं को सम्मानित किया गया। सीजन-1 के विजेता सुरेश एरियाट की फिल्म ‘देसी ऊन’ को बाद में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी कई प्रतिष्ठित पुरस्कार और पहचान मिली।
मंत्रालय ने बताया कि क्रिएट इन इंडिया चैलेंज सीजन-2 में मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र से जुड़ी संस्थाओं तथा इंडस्ट्री एसोसिएशनों को 50 से अधिक विषयों पर प्रतियोगिताएं आयोजित करने के लिए आमंत्रित किया गया है। इनमें एआई, एनीमेशन, वीएफएक्स, एक्सआर, गेमिंग, ई-स्पोर्ट्स, कॉमिक्स, फिल्म, प्रसारण, संगीत, नृत्य और डिजिटल मीडिया जैसे क्षेत्र शामिल हैं।
मंत्रालय की ओर से चयनित संस्थाओं को प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए एक करोड़ रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जा सकती है। इच्छुक संस्थाएं 31 जुलाई 2026 तक वेव्स बाजार पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं।
मंत्रालय का कहना है कि इस पहल से नई प्रतिभाओं की पहचान होगी, युवाओं को विशेषज्ञों से मार्गदर्शन मिलेगा और उनके कौशल को विकसित करने का अवसर मिलेगा। इसके माध्यम से युवा अपने नए विचारों को सफल परियोजनाओं, उत्पादों और बौद्धिक संपदा में बदल सकेंगे। इस पहल का उद्देश्य भारत के तेजी से बढ़ते मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र को नई ऊर्जा देना और रचनात्मक अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाना है।


















