दतिया, 28 जुलाई।
दतिया विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के अंतिम दिन मंगलवार को कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह के समर्थन में निकाली गई जन आशीर्वाद रैली में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही। रैली को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दावा किया कि दतिया की जनता ने परिवर्तन का मन बना लिया है और कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह 25 हजार से अधिक मतों के अंतर से चुनाव जीतेंगे।
रैली में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव, पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा, जयवर्धन सिंह, प्रियव्रत सिंह, फूल सिंह बरैया सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, विधायक और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
जनता भाजपा के दावों का जवाब देगी : जीतू पटवारी
जीतू पटवारी ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस नेताओं को हर क्षेत्र में परिवर्तन की स्पष्ट जनभावना दिखाई दी है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के विकास संबंधी दावों की सच्चाई अब जनता के सामने आ चुकी है और मतदाता इस उपचुनाव में लोकतंत्र, पारदर्शिता, विकास और जनहित के पक्ष में अपना जनादेश देंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने प्रदेश में भय और दबाव का माहौल बनाने का प्रयास किया है, लेकिन दतिया की जनता लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देने के लिए तैयार है। पटवारी ने कहा कि जनता का उत्साह इस बात का संकेत है कि कांग्रेस इस उपचुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।
बूथ स्तर पर सक्रिय रहने की अपील
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने उपचुनाव को लोकतंत्र और जनहित की लड़ाई बताते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मतदान के दिन प्रत्येक बूथ पर सक्रिय रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हर मतदाता तक पहुंचकर उसे मतदान के लिए प्रेरित करना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। साथ ही मतदाताओं से सुबह ही मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने और कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह के पक्ष में मतदान करने की अपील की।


















