मुंबई, 28 जुलाई।
शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने एक बार फिर दावा किया है कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को केंद्र में भेजा जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आदेश आने के बाद फडणवीस को देश का शिक्षा मंत्री बनना पड़ सकता है।
संजय राउत ने सोमवार को मुंबई में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि देवेंद्र फडणवीस किसी भी परिस्थिति में दिल्ली जाएंगे। उन्होंने कहा कि फडणवीस भले ही महाराष्ट्र में रहने की बात कह रहे हों, लेकिन उन्हें कहां रहना है, यह उनके हाथ में नहीं है।
राउत ने कहा कि वर्ष 1991 में तत्कालीन प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव ने वित्त मंत्रालय की जिम्मेदारी मनमोहन सिंह को देकर आर्थिक बदलाव की शुरुआत की थी। उसी तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से बाहर के किसी व्यक्ति को शिक्षा मंत्री बनाना चाहिए। उन्होंने नंदन निलेकणी को इस पद के लिए उपयुक्त बताया।
उन्होंने कहा कि यदि देवेंद्र फडणवीस के नाम पर विचार हो रहा है तो वह भी इस पद के लिए योग्य हैं, लेकिन उनका दावा है कि उन्हें ही अगला शिक्षा मंत्री बनाया जाएगा। राउत ने कहा कि फडणवीस का पद और स्थान तय करना उनके अपने हाथ में नहीं है।
शिवसेना (यूबीटी) सांसद ने आरोप लगाया कि देश में फिलहाल आरएसएस से प्रभावित शिक्षा व्यवस्था लागू है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में पिछले वर्षों में बदलाव हुए हैं और इसके लिए भाजपा को जवाब देना चाहिए।
राउत ने कांग्रेस सरकारों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में तकनीक और आधुनिक शिक्षा के विस्तार में पहले की सरकारों की भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि आईआईटी और आईआईएम जैसे संस्थानों की स्थापना देश को आधुनिक दिशा देने के उद्देश्य से की गई थी।

















