नई दिल्ली, 28 जुलाई।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति पद पर अपने कार्यकाल के चार वर्ष पूरे होने के अवसर पर मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह के दौरान कई नई जनहितकारी पहलों की शुरुआत की। इस अवसर पर राष्ट्रपति भवन से जुड़े पांच प्रकाशनों का विमोचन किया गया, ई-उपहार के तीसरे संस्करण की शुरुआत हुई और ई-ऑडियो गाइड, निःशुल्क इलेक्ट्रिक बस सेवा ‘राही’ तथा बच्चों के लिए ‘बचपन-बाल परिसर’ का उद्घाटन किया गया।
समारोह में उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने राष्ट्रपति मुर्मु को उनके कार्यकाल पर आधारित प्रकाशनों की प्रथम प्रतियां भेंट कीं और उनका औपचारिक विमोचन किया। कार्यक्रम में सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन भी मौजूद रहे।
जिन प्रकाशनों का विमोचन किया गया, उनमें ‘राष्ट्रपति भवन : राष्ट्र का भवन’, ‘सेवा और संवेदना’, ‘समावेशी सहभागिता’, ‘भारतीयता का उत्सव’ और ओड़िया भाषा में प्रतिष्ठित व्यक्तियों के लेखों का संग्रह ‘आमा राष्ट्रपति-आमा गौरव’ शामिल हैं।
राष्ट्रपति ने कहा कि इन सचित्र प्रकाशनों के माध्यम से लोगों को राष्ट्रपति भवन की परंपराओं, कार्यप्रणाली और विभिन्न पहलुओं की जानकारी मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि ये संकलन नागरिकों को अपनी विरासत पर गर्व करने और विकास के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगे।
अपने कार्यकाल के चार वर्ष पूरे होने पर राष्ट्रपति ने ई-उपहार के तीसरे संस्करण का शुभारंभ भी किया। इसमें राष्ट्रपति को प्राप्त 300 चयनित उपहारों को सार्वजनिक नीलामी के लिए रखा गया है। यह ई-नीलामी 5 अगस्त से 5 सितंबर तक आयोजित होगी और इससे प्राप्त राशि सामाजिक कार्यों में उपयोग की जाएगी।
राष्ट्रपति ने आगंतुकों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए तैयार की गई ई-ऑडियो गाइड की शुरुआत भी की। यह ऐप आधारित बहुभाषी गाइड हिंदी, अंग्रेजी और संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल 14 अन्य भारतीय भाषाओं में उपलब्ध होगी। इसमें सांकेतिक भाषा की सुविधा भी शामिल की गई है, जिससे दिव्यांगजन भी इसका लाभ उठा सकेंगे।
हरित और समावेशी परिवहन को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रपति ने ‘राही’ निःशुल्क इलेक्ट्रिक बस सेवा का उद्घाटन किया। राष्ट्रपति संपदा के कर्मचारियों और निवासियों के लिए शुरू की गई 27 सीटों वाली यह बस व्हीलचेयर अनुकूल है। इसका संचालन महिला चालक और परिचालक करेंगी। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए सुरक्षित एवं सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध कराना है।
इसके अलावा राष्ट्रपति ने राष्ट्रपति भवन परिसर में रहने वाले बच्चों के लिए ‘बचपन-बाल परिसर’ का भी उद्घाटन किया। इसमें बच्चों के खेलने के लिए ‘किलकारी’ क्षेत्र और उनके विकास व देखभाल के लिए ‘समर्थ आंगनवाड़ी-सह-पालना’ की व्यवस्था की गई है।
उद्घाटन के बाद राष्ट्रपति ने बाल परिसर का निरीक्षण किया और बच्चों से बातचीत भी की।


















