नई दिल्ली, 30 जुलाई।
घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान सपाट रुख देखने को मिला। कारोबार की शुरुआत भी लगभग स्थिर स्तर पर हुई, लेकिन बाजार खुलने के बाद खरीदारों और बिकवालों के बीच जारी खींचतान के कारण सेंसेक्स और निफ्टी में उतार-चढ़ाव बना रहा। शुरुआती एक घंटे के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.05 प्रतिशत और निफ्टी 0.04 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।
शुरुआती कारोबार में प्रमुख कंपनियों के शेयरों में मिला-जुला रुख देखने को मिला। विप्रो, इंफोसिस, टेक महिंद्रा, ओएनजीसी और टीसीएस के शेयरों में 3.09 प्रतिशत से लेकर 1.53 प्रतिशत तक की बढ़त दर्ज की गई। वहीं अदानी पोर्ट्स, श्रीराम फाइनेंस, अल्ट्राटेक सीमेंट, जियो फाइनेंशियल और एशियन पेंट्स के शेयर 2.70 प्रतिशत से लेकर 1.46 प्रतिशत तक की गिरावट के साथ कारोबार करते नजर आए।
अब तक के कारोबार में शेयर बाजार में 2,754 शेयरों में सक्रिय खरीद-बिक्री हुई। इनमें 1,103 शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में रहे, जबकि 1,651 शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार करते दिखाई दिए। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 11 शेयरों में खरीदारी का समर्थन रहा, वहीं 19 शेयरों पर बिकवाली का दबाव बना रहा। इसी तरह निफ्टी के 50 शेयरों में 24 शेयर बढ़त और 26 शेयर गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे।
बीएसई का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 15.74 अंक की मामूली गिरावट के साथ 77,638.86 अंक के स्तर पर खुला। शुरुआत के बाद सूचकांक में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला। खरीदारी के सहारे सेंसेक्स 77,737.22 अंक तक पहुंचा, वहीं बिकवाली बढ़ने पर यह 77,440.91 अंक तक फिसल गया। शुरुआती एक घंटे के कारोबार के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 39.94 अंक टूटकर 77,614.66 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
एनएसई का निफ्टी भी आज 0.65 अंक की मामूली कमजोरी के साथ 24,249.55 अंक पर खुला। कारोबार शुरू होने के बाद इसमें भी उतार-चढ़ाव जारी रहा। लिवाली के कारण निफ्टी 24,287.25 अंक तक पहुंचा, वहीं दबाव बढ़ने पर यह 24,187.10 अंक तक नीचे आ गया। शुरुआती एक घंटे के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 8.60 अंक की गिरावट के साथ 24,241.60 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
इससे पहले बुधवार को पिछले कारोबारी सत्र में सेंसेक्स 888.68 अंक यानी 1.16 प्रतिशत की तेजी के साथ 77,654.60 अंक पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 264.85 अंक यानी 1.10 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,250.20 अंक के स्तर पर बंद हुआ था।
















