भोपाल, 1 अगस्त।
राजधानी में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे "नशे से दूरी है जरूरी" अभियान के तहत क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 15.030 किलोग्राम गांजा और उसके परिवहन में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए गांजे और वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 600 रुपये बताई गई है।
मुख्यमंत्री, पुलिस मुख्यालय और पुलिस आयुक्त के निर्देश पर जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में क्राइम ब्रांच की टीम एमपी नगर क्षेत्र में जागरूकता अभियान के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर भी लगातार नजर बनाए हुए थी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि डीबी मॉल के सामने जोन-1 एमपी नगर क्षेत्र में एक युवक मोटरसाइकिल पर बोरी में गांजा लेकर ग्राहक के इंतजार में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, घेराबंदी की और युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी पहचान शिवम शर्मा (22 वर्ष) निवासी ग्राम सिलपटी, थाना ईसागढ़, जिला अशोकनगर के रूप में बताई। तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल से बंधी बोरी में 15.030 किलोग्राम अवैध गांजा मिला। इसके बाद पुलिस ने गांजा और मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में यह जानकारी सामने आई कि आरोपी उड़ीसा से गांजा लाकर भोपाल में उसकी आपूर्ति करता था। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
अब क्राइम ब्रांच आरोपी से पूछताछ कर गांजा सप्लाई करने वाले गिरोह, उससे जुड़े अन्य तस्करों और पूरे नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस मोबाइल फोन समेत अन्य तकनीकी साक्ष्यों का भी विश्लेषण कर रही है। जांच के दौरान अन्य लोगों की संलिप्तता मिलने पर उनके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में निरीक्षक अशोक मरावी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक राजकिशोर मिश्रा, अनिल तिवारी, चन्द्रमोहन मिश्रा सहित क्राइम ब्रांच की टीम की सराहनीय भूमिका रही।






















