बिजनौर, 14 सितंबर।
वन विभाग के रेंज कार्यालय में हंगामा कर प्रतिबंधित प्रजाति की लकड़ी से लदे ट्रक को जबरन छुड़ाने के प्रयास के मामले में कोतवाली शहर पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक के. के. विश्नोई के अनुसार, पकड़े गए आरोपितों की पहचान धामपुर निवासी सचिन गुप्ता और नहटौर निवासी अमरकान्त शर्मा के रूप में हुई है।
वनरक्षक मोहित कुमार की शिकायत पर दर्ज मामले में सरकारी कार्य में बाधा डालने, धमकी देने और वन विभाग के कब्जे में मौजूद ट्रक को छुड़ाने का प्रयास करने के आरोप लगाए गए हैं।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मुकदमे में धारा 303(2) बीएनएस को हटाकर धारा 310(2) बीएनएस बढ़ाई है। पूछताछ में दोनों आरोपितों ने अपने साथियों के साथ रेंज कार्यालय पहुंचने की बात स्वीकार की।
पुलिस के मुताबिक, आरोपितों ने ट्रक छुड़ाने का प्रयास किया और वन विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को डराने-धमकाने की बात भी सामने आई है।
पुलिस अब मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। उनकी संलिप्तता सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
















