राजगढ़, 23 सितंबर।
खुजनेर थाना पुलिस ने साइबर ठगी के मामले का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों पर मोबाइल में संदिग्ध एपीके फाइल डाउनलोड करवाकर एक व्यक्ति के बैंक खाते से चार ऑनलाइन लेनदेन के जरिए 2 लाख 72 हजार 101 रुपये निकालने का आरोप है। पुलिस ने पूरी रकम बरामद कर ली है।
ग्राम बड़लावदा निवासी जितेंद्र यादव ने 18 अगस्त को शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने संबंधित बैंकों से संपर्क कर 66 हजार 896 रुपये तत्काल होल्ड कराए और तकनीकी जांच शुरू की। बैंकिंग लेनदेन से मिले साक्ष्यों के आधार पर ठगी के तार सूरत से जुड़े मिले।
पुलिस ने सूरत निवासी सेफ अली, आदिल और मोहम्मद सोयल को हिरासत में लिया। पूछताछ और आरोपितों की निशानदेही पर ठगी की पूरी रकम बरामद हुई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपितों ने अन्य साइबर अपराध भी किए हैं या नहीं।
पुलिस ने नागरिकों से अनजान लिंक, संदिग्ध एपीके फाइल और क्यूआर कोड से सावधान रहने की अपील की है। ठगी होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत दर्ज कराने को कहा गया है।
















