शिमला, 24 सितंबर।
शिमला के उपनगर शोघी में पुलिस ने एक बस की जांच के दौरान करीब 10 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हमीरपुर निवासी 29 वर्षीय सुनील कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार 23 सितंबर को विशेष सैल शिमला की टीम शोघी के आसपास गश्त कर रही थी। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने शोघी में एक बस को रोककर नियमानुसार तलाशी ली।
जांच के दौरान बस की एक सीट के नीचे पारदर्शी पाउच और काली पॉलिथीन में बंधी एक गांठ मिली। पुलिस के मुताबिक, दोनों से करीब 10 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुआ।
मामले की जांच आगे बढ़ने पर सुनील कुमार की इसमें संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बालूगंज थाने में मादक पदार्थ निरोधक कानून (एनडीपीएस एक्ट) की धारा 21 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच अभी जारी है।
















