सहरसा, 23 सितंबर।
रेलवे सुरक्षा बल ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सहरसा वाशिंगपिट पहुंची खाली ट्रेन के वातानुकूलित कोचों से 33 लीटर विदेशी शराब बरामद की। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 43 हजार रुपये बताई गई है।
आरपीएफ ने ट्रेन की सहरसा तक लगातार निगरानी की। इसके लिए निरीक्षक धनंजय कुमार और सहायक उप निरीक्षक राजेश कुमार काजी को तैनात किया गया था। राघोपुर से प्रधान आरक्षी सत्येंद्र नाथ तिवारी और सरायगढ़ से प्रधान आरक्षी बाबलु शर्मा को भी निगरानी में लगाया गया।
23 सितंबर की सुबह खाली ट्रेन सहरसा स्टेशन की प्लेटफॉर्म लाइन संख्या-2 पर पहुंची। निरीक्षक धनंजय कुमार के साथ सहायक उप निरीक्षक सुनील कुमार पांडेय ने ट्रेन की निगरानी शुरू की। वातानुकूलित कोच बी-1 और बी-2 में कुछ लावारिस बैग और सामान दिखाई दिए।
काफी समय तक सामान लेने कोई नहीं पहुंचा। इसके बाद सुबह करीब 7:15 बजे खाली रेक सफाई के लिए सहरसा वाशिंगपिट भेजी गई। वहां भी आरपीएफ जवानों ने निगरानी जारी रखी। करीब 7:17 बजे ट्रेन के पहुंचने के बाद दोनों वातानुकूलित कोचों की जांच की गई।
बी-1 कोच में सीट संख्या 33 और 49 के नीचे पीले कपड़े के दो संदिग्ध झोले मिले। बी-2 कोच में सीट संख्या 17 और 29 के नीचे एक रेक्सीन बैग और एक प्लास्टिक का झोला मिला। तलाशी लेने पर सभी सामान से विदेशी शराब की बोतलें बरामद हुईं।
आरपीएफ ने कुल 44 बोतल शराब जब्त की। इनमें रॉयल स्टैग की 10, ब्लेंडर्स प्राइड की छह और सिग्नेचर की 28 बोतलें शामिल हैं। प्रत्येक बोतल 750 मिलीलीटर की थी। इस तरह कुल 33 लीटर शराब बरामद हुई।
मौके पर फर्द जब्ती सूची तैयार कर शराब को कब्जे में लिया गया। आगे की कार्रवाई के लिए सहरसा उत्पाद विभाग को सूचना दी गई और बाद में जब्त शराब तथा संबंधित कागजात विभाग को सौंप दिए गए। शराब तस्कर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।
















