पूर्वी सिंहभूम, 24 सितंबर।
पूर्वी सिंहभूम के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित केनरा बैंक में गुरुवार सुबह हथियारबंद बदमाशों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए बड़ी डकैती को अंजाम दिया। रेनकोट पहने छह बदमाश सुबह करीब सवा नौ बजे बैंक के अंदर दाखिल हुए और सफाई के दौरान ही कर्मचारियों को हथियार के बल पर अपने कब्जे में ले लिया।
प्रतिरोध करने पर सुरक्षा गार्ड संतोष कुमार को अपराधियों ने बंदूक की बट से पीटकर घायल कर दिया। इसके बाद बदमाश मैनेजर अजीत कुमार को जबरन चेस्ट रूम तक ले गए और गन प्वाइंट पर तिजोरी खुलवा ली।
तिजोरी से 42 लाख रुपये से अधिक की नगदी और लॉकर में रखे भारी मात्रा में सोने के आभूषण लूटने के बाद अपराधी दो बाइकों पर सवार होकर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात से बैंक प्रबंधन और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल और डीएसपी सुमित कुमार समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने बैंक और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है तथा पूरे इलाके में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
















