जोधपुर, 24 सितंबर।
जोधपुर के चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना क्षेत्र में गत 8 सितंबर को हुई लूट की एक बड़ी वारदात का मामला अब सामने आया है। सेक्टर-14 के पास दिनदहाड़े एक व्यापारी के पुत्र की स्कूटी को कार से रोककर उससे दस लाख रुपये नकद से भरा थैला लूट लिया गया। इस सनसनीखेज घटना के बाद से पीड़ित युवक बुरी तरह डर गया और सदमे के कारण उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके चलते उसने कुछ दिनों बाद घर जाकर परिजनों को पूरी आपबीती बताई। अब पुलिस ने इस मामले में आधिकारिक तौर पर लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाने के एसआई महेंद्र कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि प्रार्थी रामनारायण पुत्र मदनलाल (निवासी ठकरीमासर बीकानेर, हाल निवासी माहेश्वरी ग्रीन, बीआर बिड़ला स्कूल के पास, जोधपुर) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित के पिता गांव में किराणा का व्यवसाय करते हैं। कुछ दिन पहले जब रामनारायण गांव गया था, तब उसके पिता ने जोधपुर अनाज मंडी से माल खरीदने के लिए 10 लाख रुपये नकद दिए थे और मंडी के व्यापारियों से बात कर सामान का हिसाब करने को कहा था।
घटना वाले दिन यानी 8 सितंबर को करीब दोपहर 4 बजे रामनारायण 10 लाख रुपये से भरा तिरपाल का थैला अपनी स्कूटी के आगे लटकाकर मंडोर मंडी जाने के लिए निकला था। वह जब करीब 4:30 बजे अणदाराम स्कूल के पास बाले सर्किल के पास पहुंचा, तो रास्ते में एक दुबला-पतला लड़का जो काले रंग की शर्ट पहने था, ने उसकी स्कूटी की तरफ झपट्टा मारा। हालांकि उस समय रामनारायण को लगा कि वह किसी और को इशारा कर रहा होगा, इसलिए वह बचकर आगे निकल गया। जब वह सेक्टर-14 के नजदीक पहुंचा, तो अचानक पीछे से एक सफेद रंग की बिना नंबर की टाटा नेक्सन कार आई और उसकी स्कूटी के आगे अड़ाकर उसे रोक लिया।
कार से दो लड़के नीचे उतरे और पीड़ित पर यह आरोप लगाते हुए बहस करने लगे कि उसने फोन पर गाली देने का मैसेज क्यों किया है। जब रामनारायण उन्हें जवाब देने की कोशिश कर रहा था, तभी गाड़ी से तीसरा शख्स निकला और स्कूटी के आगे टंगा रुपयों का थैला उठाकर तेजी से कार में बैठकर फरार हो गया। पीड़ित ने अणदाराम स्कूल तक उनका पीछा भी किया, लेकिन लुटेरे हाथ नहीं लगे। इस अचानक हुई दुस्साहसिक घटना से रामनारायण इतना सहम गया कि उसकी तबीयत खराब हो गई और वह घबराकर वापस गांव चला गया था। लूटे गए रुपयों में 500-500 के नोटों की 20 गड्डियां और कुछ जरूरी दस्तावेज शामिल थे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए हैं, जिसमें पीड़ित के साथ छीना-झपटी होने और उसका विरोध करने के दृश्य स्पष्ट रूप से नजर आ रहे हैं। पुलिस अब फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
















