महोबा, 14 सितंबर।
महोबा जिले में पैरोल पर जेल से बाहर आए एक कैदी ने पत्नी की हत्या कर दी। आरोप है कि खाने में जहर देने के शक में उसने पत्नी पर त्रिशूल से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
घटना कुलपहाड़ थाना क्षेत्र के रागौलिया बुजुर्ग गांव की है। सोमवार को पुलिस को पीआरवी के माध्यम से महिला की हत्या की सूचना मिली। इसके बाद स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य भी जुटाए गए।
अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कल्लन रैकवार सतना जेल में बंद था। वह पैरोल पर बाहर आया हुआ था। उसे पत्नी चंपा पर जहरीला पदार्थ खिलाने का संदेह था। इसी आशंका के चलते उसने पत्नी की हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया है। मृतका के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
पुलिस के मुताबिक, कल्लन करीब 12 वर्ष पहले 2014 में परिवार की नातिन की पत्थर पर पटककर हत्या करने के मामले में दोषी ठहराया गया था। उसे आजीवन कारावास की सजा मिली थी और वह सतना जेल में सजा काट रहा था। कुछ दिन पहले ही वह पैरोल पर बाहर आया था।
















