दमोह, 15 सितंबर।
दमोह जिले के हटा सिविल अस्पताल में डॉक्टर के साथ हुई मारपीट और अभद्रता के विरोध में मंगलवार से जिलेभर के चिकित्सक हड़ताल के रास्ते पर उतर आए हैं। शासकीय और निजी अस्पतालों के डॉक्टर हाथों में काली पट्टी बांधकर मरीजों का इलाज कर रहे हैं।
यह पूरा विवाद नौ सितंबर का है, जब डॉक्टर चेतन साहू सड़क हादसे के घायलों का उपचार कर रहे थे। उसी दौरान एक शख्स ने ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की कोशिश की थी।

आईएमए के समर्थन से चल रहे इस विरोध प्रदर्शन में सरकारी और प्राइवेट सेक्टर के करीब तीन सौ बीस डॉक्टर शामिल हैं। हालांकि डॉक्टरों ने स्पष्ट किया है कि वे मरीजों की सेवाओं को बाधित नहीं कर रहे हैं।
डॉक्टरों ने पुलिस प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए चौबीस घंटे के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है। चेतावनी दी गई है कि कार्रवाई न होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
















