बागपत, 15 सितंबर।
उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन साल से फरार चल रहा पच्चीस हजार का इनामी बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस के अनुसार, सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र में नहर पटरी के पास बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे थे। घेराबंदी करने पर आरोपियों ने पुलिस दल पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
आत्मरक्षा में पुलिस की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। उसका साथी मौके का फायदा उठाकर अंधेरे का लाभ लेकर भागने में सफल रहा।
पकड़े गए शातिर अपराधी की पहचान राजा अली के रूप में हुई है जो कई गंभीर मामलों में वांछित था। मौके से अवैध हथियार, कारतूस और बिना नंबर की मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
















