नोएडा, 16 सितंबर।
नोएडा में साइबर अपराधियों ने एक फिनटेक कंपनी के सर्वर और एपीआई पोर्टल को हैक कर 2 करोड़ 42 लाख रुपये से अधिक की रकम ऑनलाइन ट्रांसफर कर ली। मामले में कंपनी के अधिकारी ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, सेक्टर-65 के बी-ब्लॉक में रिनोवा पेटेक प्राइवेट लिमिटेड नाम की फिनटेक कंपनी है। कंपनी मोबाइल रिचार्ज, बिल भुगतान, आधार निकासी और घरेलू धन हस्तांतरण जैसी सेवाएं उपलब्ध कराती है।
कंपनी के अधिकारी राजकुमार ने पुलिस को बताया कि 13 सितंबर को दोपहर बाद से शाम करीब 8 बजे के बीच अज्ञात साइबर अपराधियों ने कंपनी का सर्वर हैक कर लिया। इसके बाद एपीआई पोर्टल के जरिए कंपनी की रकम अलग-अलग खातों में ऑनलाइन भेज दी गई।
पुलिस के अनुसार, कुल रकम 2 करोड़ 42 लाख 65 हजार 576 रुपये बताई गई है। यह राशि 497 लेनदेन के जरिए 28 बैंकों के 58 खातों में स्थानांतरित की गई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि किन बैंक खातों में कितनी रकम भेजी गई और इस साइबर धोखाधड़ी के पीछे कौन लोग शामिल हैं।
साइबर क्राइम पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लेनदेन से जुड़े बैंक खातों और रकम के हस्तांतरण की जानकारी जुटाई जा रही है।
















