नोएडा, 16 सितंबर।
नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो नाइजीरियाई नागरिकों को मादक पदार्थ की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 600 ग्राम एमडीएमए बरामद किया है, जिसकी बाजार कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस उपायुक्त सेंट्रल जोन शैलेंद्र कुमार सिंह के अनुसार, दोनों आरोपितों को पैरामाउंट सोसायटी के एक टावर स्थित स्टूडियो अपार्टमेंट से पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान 47 वर्षीय पीटर और 56 वर्षीय माइकल के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस को 1.19 लाख रुपये नकद, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, दो पासपोर्ट, दो मोबाइल फोन और दो बैग भी मिले।
पूछताछ में सामने आया कि दोनों बिजनेस वीजा पर भारत आए थे। वे एनसीआर के अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने बदलकर रहते थे और वहां से मादक पदार्थ की आपूर्ति करते थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपित मुख्य रूप से अफ्रीकी मूल के लोगों और दिल्ली-एनसीआर के कॉलेज छात्रों को ड्रग्स उपलब्ध कराते थे।
पुलिस ने बताया कि ग्राहकों से सोशल मीडिया के जरिए संपर्क किया जाता था। इसके बाद माल परिवहन सेवा के एप और बाइक टैक्सी के माध्यम से रेव पार्टियों तक ड्रग्स पहुंचाई जाती थी। एमडीएमए करीब 4 हजार रुपये प्रति ग्राम की दर से बेचा जाता था।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों कितने समय से इस धंधे में शामिल थे। गिरफ्तारी से पहले आरोपितों ने अपना मोबाइल फोन और सिम तोड़कर फेंक दिया था।
















