रायपुर, 16 सितंबर।
रायपुर कमिश्नरेट के मध्य जोन में असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने पिछले दो दिनों में 10 आरोपितों पर वैधानिक कार्रवाई की है। कार्रवाई में धारदार हथियार लेकर सार्वजनिक स्थानों पर घूमने, धमकाने, अवैध वसूली, गुंडागर्दी, अवैध शराब और न्यायालयीन वारंट से जुड़े मामले शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल के निर्देश और एडिशनल डीसीपी विवेक शुक्ला के मार्गदर्शन में अभियान चलाया गया। इस दौरान सात आरोपितों के कब्जे से धारदार चाकू बरामद किए गए।
गंज थाना पुलिस ने इकबाल शेख, शिवा नायक उर्फ छुरा और नितिन हरिजन उर्फ बिड़ी को अलग-अलग स्थानों से चाकू के साथ पकड़ा। मौदहापारा पुलिस ने फिरोज खान, देवराम बघेल, मयंक सोनी और एक विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ कार्रवाई की। सभी मामलों में आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान आर्म्स एक्ट के एक मामले में स्थायी वारंटी मोहम्मद मोहसिन अली को भी गिरफ्तार किया गया। गोलबाजार थाना पुलिस ने डीकेएस अस्पताल ऑटो स्टैंड के पास शराब पीने के लिए पैसे मांगने, रकम नहीं देने पर धमकी देने और मारपीट के आरोप में ऋषभ रक्सेल के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया।
सिटी कोतवाली पुलिस ने छगन मरावी को अवैध शराब रखने के आरोप में गिरफ्तार किया। उसके पास से 30 पाव सिंडिकेट व्हिस्की, कुल 5 लीटर 400 मिलीलीटर शराब मिली, जिसकी कीमत 3,600 रुपये बताई गई है। उसके खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
मध्य जोन पुलिस ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने, धमकी देने, गुंडागर्दी, अवैध वसूली और अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
















