जोधपुर, 16 सितंबर।
जोजरी नदी में प्रदूषण फैलाने वालों पर निगरानी के बीच विवेक विहार थाना पुलिस ने मोगड़ा पुलिया के पास जांच के दौरान रंगाई-छपाई में इस्तेमाल होने वाली सामग्री से भरी बोलेरो पिकअप जब्त की है। पुलिस ने चालक से पूछताछ की और सामान से संबंधित जरूरी दस्तावेज नहीं मिलने पर कार्रवाई की।
थानाधिकारी भवानी सिंह के अनुसार, पिकअप की जांच में सफेद कपड़े के 120 थान, रंगाई-छपाई में इस्तेमाल होने वाली 37 फ्रेम व प्लेटें, रंग से भरे चार ड्रम और एक कट्टे में करीब 20 किलो नमक जैसा पदार्थ समेत अन्य सामग्री मिली। चालक किशनाराम के पास कपड़े का बिल था, लेकिन बाकी सामान के लिए बिल, ई-वे बिल या अन्य आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे।
चालक ने पुलिस को बताया कि वह सामान पाली के मंडिया रोड स्थित एमआर इंटरप्राइजेज लेकर जा रहा था। जोजरी नदी क्षेत्र में रंगाई-छपाई से जुड़ी फैक्ट्रियों से होने वाले प्रदूषण को लेकर लगातार निगरानी की जा रही है।
पुलिस ने सामग्री के रंगाई-छपाई में इस्तेमाल होने और इससे प्रदूषण की संभावना को देखते हुए उसे जब्त कर लिया। दस्तावेज नहीं मिलने पर पिकअप वाहन को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत जब्त किया गया है।
















