बांदा, 16 सितंबर।
दुकान पर उधार सामान देने से इनकार करने पर तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में कोतवाली नगर पुलिस ने मंगलवार को दो लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर को कोतवाली नगर क्षेत्र निवासी सनी ने शिकायत देकर बताया था कि दुकान पर उधार सामान देने से मना करने पर दो लोगों ने तमंचा निकालकर उसे जान से मारने की धमकी दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी।
जांच के दौरान पुलिस ने घुरौली चंदवारी डांडा निवासी पंकज और जालौन निवासी सुखवीर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए।
पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया। कार्रवाई की जानकारी मंडी समिति चौकी प्रभारी आकाश शुक्ला ने दी।
















