शिमला, 16 सितंबर।
शिमला जिले के ठियोग में एक महिला से मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने मामला दर्ज किया है। महिला की शिकायत पर ठियोग पुलिस थाना में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार, महिला ने शिकायत में बताया कि 14 सितंबर को वह किसी काम से ठियोग आई थी। इसी दौरान चियोग में दरोल गांव निवासी दिनेश ने उसके साथ मारपीट की और उसे जान से मारने की धमकी दी।
महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने इसके बाद भी उसे धमकाना जारी रखा। शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने रात करीब दो बजे तक अलग-अलग मोबाइल नंबरों से महिला को फोन किए और जान से मारने की धमकी देता रहा।
पुलिस अधिकारी ने बुधवार को बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 126(2) और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।
















