जोधपुर, 16 सितंबर।
जोधपुर के भट्टी की बावड़ी टेंपो स्टैंड के पास एक घर में अज्ञात चोरों ने बिना ताला तोड़े लाखों रुपये के जेवर और नकदी चोरी कर ली। चोरों ने एक अलमारी से चाबी निकालकर दूसरी अलमारी का ताला खोला और उसमें रखे आभूषण व एक लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना में किसी जानकार के शामिल होने की आशंका भी जताई जा रही है।
भट्टी की बावड़ी, टेंपो स्टैंड के पास रहने वाले ईश्वर सिंह गहलोत ने चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 12 सितंबर की सुबह वह काम पर चले गए थे और उनकी पत्नी पीहर चली गई थीं। 14 सितंबर शाम करीब छह बजे पत्नी घर लौटीं और छत पर गईं। वहां गेट के घुमघुमे में टूट-फूट दिखाई दी।
इसके बाद घर की अलमारियों की जांच की गई तो चोरी का पता चला। घर में दो अलमारियां एक-दूसरे के पास रखी थीं। अज्ञात व्यक्ति ने एक अलमारी से चाबी निकालकर दूसरी अलमारी खोली और उसमें रखे गहने तथा नकदी चोरी कर ली।
चोरी की खास बात यह रही कि अलमारी का ताला तोड़ा नहीं गया था। गहनों के डिब्बे भी चोरों ने वापस बंद कर दिए थे। पुलिस को घटना 12 से 14 सितंबर के बीच होने की आशंका है।
चोरी हुए सामान में करीब चार तोला सोने का बाजू, करीब दो तोला सोने की छोटी-बड़ी चेन, डेढ़ तोला सोने का गले का हार और करीब एक तोला सोने की कंठी समेत अन्य आभूषण शामिल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच सहायक उप निरीक्षक भंवराराम को सौंपी है।
















