देवरिया, 16 सितंबर।
गोरखपुर परिक्षेत्र के डीआईजी एस. चन्नप्पा ने मंगलवार रात देवरिया पुलिस लाइन सभागार में जिले की कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की समीक्षा की। रात 11 बजे हुई बैठक में उन्होंने हत्या, लूट, डकैती, दुष्कर्म, चोरी और नकबजनी जैसे गंभीर मामलों में वांछित आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी कर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
डीआईजी ने महिला और बाल अपराधों की जांच संवेदनशीलता के साथ तय समय में पूरी करने पर जोर दिया। मिशन शक्ति 5.0 फेज-II के तहत महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा के लिए चल रही गतिविधियों को और प्रभावी बनाने तथा शक्ति दीदी और महिला पुलिसकर्मियों के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। महिलाओं और बालिकाओं की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को भी कहा।
साइबर अपराधों की समीक्षा के दौरान उन्होंने शिकायत मिलते ही कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साइबर ठगी में पीड़ितों की रकम समय रहते होल्ड कराने और उसे वापस दिलाने के प्रयास तेज करने तथा हेल्पलाइन नंबर 1930 का व्यापक प्रचार करने को कहा। एनडीपीएस एक्ट, गो-तस्करी, अवैध शराब और जुआ-सट्टे के विरुद्ध भी प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
डीआईजी ने फरार और इनामी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने, लंबित विवेचनाओं को जल्द पूरा करने और आईजीआरएस व जनशिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। यातायात व्यवस्था सुधारने, रात में गश्त और चेकिंग बढ़ाने तथा संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बनाए रखने पर भी जोर दिया।
सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश भी दिए। बैठक के बाद डीआईजी ने पुलिस लाइन परिसर का निरीक्षण किया। इसके बाद एसपी अभिजित आर. शंकर के साथ शहर में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। सुभाष चौक और सहकारी चौराहा सहित प्रमुख स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी देखी और अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।
















