मोहाली, 17 सितंबर।
मोहाली में फिरौती वसूलने के लिए अलग-अलग मकानों पर गोलीबारी करने के आरोप में पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से पांच पिस्टल, इनमें दो विदेशी पिस्टल, 12 जिंदा कारतूस और वारदातों में इस्तेमाल की गई अस्थायी नंबर वाली फॉर्च्यूनर कार बरामद की है।
एसएसपी वरुण शर्मा ने बताया कि पंजाब के डीजीपी गौरव यादव और रोपड़ रेंज के डीआईजी नानक सिंह के निर्देश पर पुलिस टीमों ने तकनीकी जांच और मानव खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपितों तक पहुंच बनाई। कार्रवाई में सीआईए स्टाफ और ऑपरेशन सेल की टीमों की अहम भूमिका रही।
पुलिस के अनुसार आरोपितों ने मोहाली में तीन अलग-अलग स्थानों पर फायरिंग की। पहली घटना 4 और 5 सितंबर की रात फेज-10 स्थित मकान नंबर 1959 में संजय जडेजा के घर पर हुई। यहां दो बाइक सवारों ने गोलीबारी की थी।
पुलिस का दावा है कि इससे पहले विदेश में बैठे गैंग से जुड़े कुलवीर सिंह सिद्धू ने संजय जडेजा से पांच करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। इसके बाद 7 सितंबर को फेज-10 में ही संजय जडेजा के कारोबारी साझेदार बलजीत सिंह के मकान नंबर 2459 पर फायरिंग की गई। इस मामले में भी पांच करोड़ रुपये की मांग किए जाने की बात सामने आई।
तीसरी घटना 14 सितंबर को सेक्टर-104 स्थित मकान नंबर 269 में फिल्म निर्माता जगदीप सिंह मान के घर पर हुई। गोलीबारी के दौरान वहां काम कर रहा सचिन घायल हो गया। उसका उपचार जारी है। पुलिस के मुताबिक जगदीप सिंह मान से भी पांच करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपितों के बुड़ैल जेल में बंद रविंदर सिंह उर्फ काली से संपर्क में होने की जानकारी मिली। पुलिस का दावा है कि काली जेल से गैंग की गतिविधियां संचालित करता था और आरोपित विदेश में बैठे कुलवीर सिंह सिद्धू के संपर्क में भी थे।
पुलिस के अनुसार जस्मनदीप सिंह वारदात से पहले मकानों की रेकी करता था और दुशंत शर्मा हथियारों की व्यवस्था संभालता था। आकाशदीप सिंह, प्रवीण कुमार और उनका साथी सिमरदीप सिंह उर्फ जशन फायरिंग में शामिल बताए गए हैं।
पुलिस ने आकाशदीप सिंह, प्रवीण कुमार उर्फ कालू, जस्मनदीप सिंह और दुशंत शर्मा उर्फ शम्मी को गिरफ्तार किया है। दुशंत के खिलाफ सोहाना थाने में पहले से मारपीट का एक मामला दर्ज है।
सिमरदीप सिंह उर्फ जशन की गिरफ्तारी अभी बाकी है। बुड़ैल जेल में बंद रविंदर सिंह उर्फ काली को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की जाएगी। गिरफ्तार आरोपितों को रिमांड पर लेकर पुलिस अन्य घटनाओं और हथियारों की आपूर्ति से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है।
















