कूचबिहा, 17 सितंबर।
पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले के मेखलीगंज सीमावर्ती इलाके में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मुस्तैद जवानों ने गश्त के दौरान लगभग ढाई लाख भारतीय रुपये मूल्य की बांग्लादेशी मुद्रा के साथ एक संदिग्ध व्यक्ति को दबोच लिया। आरोपी से पूछताछ के बाद उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मेखलीगंज थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान परितोष राय के रूप में हुई है, जो कि नजदीकी कुचलीबाड़ी थाना क्षेत्र के सीमावर्ती क्षेत्र का ही रहने वाला बताया जा रहा है।
सीमा सुरक्षा बल की 178वीं बटालियन के जवान बुधवार देर रात सीमावर्ती क्षेत्र में नियमित गश्त पर तैनात थे। इसी दौरान उनकी नजर एक संदिग्ध की हरकतों पर पड़ी, जो वहां से गुजर रहा था। शक गहराने पर जवानों ने तुरंत उसे रोक लिया और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से भारी मात्रा में बांग्लादेशी करेंसी बरामद हुई। इसके बाद गुरुवार को उसे स्थानीय थाने की पुलिस को सौंप दिया गया, जहां पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा यहां किस उद्देश्य से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-सा सिंडिकेट सक्रिय है।
















