बिजनौर, 18 सितंबर।
उत्तर प्रदेश के बिजनौर शहर कोतवाली क्षेत्र में पेदा पुलिस चौकी के पास स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान में चोरों ने शटर तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान से करीब दो लाख रुपये नकद और शराब लेकर फरार हो गए। चोरी की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है, जिसका वीडियो सामने आने के बाद प्रसारित हो रहा है।
किरतपुर रोड पर आरके बैंक्वेट हॉल से लगी इस शराब की दुकान में चोरी 15 और 16 सितंबर की रात हुई। दुकान अभिषेक सिंह पुत्र अरविंद कुमार निवासी ग्राम मुहम्मदपुर देवमल की बताई गई है। सीसीटीवी फुटेज में चार से पांच लोग दुकान के पास पहुंचते दिखाई दे रहे हैं।
फुटेज के अनुसार, चोरों ने पहले दुकान का शटर तोड़ा और अंदर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। दुकान के अंदर से नकदी और शराब लेने के बाद सभी वहां से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलने पर दुकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी और शिकायत दर्ज कराई। शहर कोतवाली प्रभारी अवनीत मान ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान करने में जुटी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
















