जोधपुर, 18 सितंबर।
शहर के प्रतापनगर सदर थाना क्षेत्र में 12वीं रोड पर पंजाब नेशनल बैंक के पास पैदल जा रहे एक व्यक्ति को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में घायल व्यक्ति की उपचार के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। मृतक के बेटे की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
प्रतापनगर सदर पुलिस के अनुसार मावड़ियों की घाटी बलाई बस्ती, सूरसागर निवासी राहुल भील ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसने बताया कि उसके पिता रामचंद्र 14 सितंबर को पैदल पंजाब नेशनल बैंक की शाखा के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान किसी वाहन चालक ने उन्हें टक्कर मार दी।
दुर्घटना में रामचंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई। सूचना के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
















