बिजनौर, 18 सितंबर।
उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के चांदपुर थाना क्षेत्र में सर्राफा दुकान में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपित महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए जेवरात के साथ वारदात में इस्तेमाल दो स्विफ्ट कार बरामद की हैं। पूछताछ में चोरी में कुछ अन्य लोगों के शामिल होने की जानकारी भी सामने आई है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
ग्राम रसूलपुर नंगला निवासी दिनेश वर्मा ने 12 सितंबर को चांदपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनकी ज्वेलरी की दुकान से अज्ञात चोर सोने के आभूषण चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान दो महिलाओं की भूमिका सामने आई।
पुलिस ने जाहिदा उर्फ छोटी और आशिया को गिरफ्तार किया। उनके पास से पीली धातु के तीन जोड़ी कुंडल और सफेद धातु के चार जोड़ी बिछवे बरामद हुए। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल की गई दो स्विफ्ट कार भी पुलिस ने जब्त की हैं।
पूछताछ में दोनों महिलाओं ने बताया कि उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ 7 सितंबर को रसूलपुर नंगला स्थित सर्राफा दुकान में चोरी की थी। चोरी के बाद जेवरात सभी आरोपितों ने आपस में बांट लिए थे। पुलिस के मुताबिक बरामद जेवरात दोनों महिलाओं के हिस्से में आए थे। बरामदगी के बाद दर्ज मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस भी जोड़ी गई है।
पुलिस इंस्पेक्टर राहुल कुमार के अनुसार, जांच में खातून, आशमीन, रुखसाना, फरीद खां और भूरिया उर्फ जाकिर के नाम भी सामने आए हैं। इनमें फरीद खां और भूरिया उर्फ जाकिर के कार चालक होने की जानकारी मिली है। फरार आरोपितों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
















