सुपौल, 18 सितंबर।
भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने नेपाली मुद्रा के साथ दो लोगों को हिरासत में लिया है। रिफ्यूजी कॉलोनी सीमा चौकी की गश्ती टीम ने उनके पास से 1 लाख 73 हजार रुपये नेपाली मुद्रा और एक मोटरसाइकिल बरामद की।
एसएसबी के अनुसार, 18 सितंबर को रिफ्यूजी कॉलोनी सीमा चौकी की टीम सीमा क्षेत्र में नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान सीमा स्तंभ संख्या 200 के पास बेनालीपट्टी गांव के निकट नेपाल की ओर से मोटरसाइकिल पर भारत में प्रवेश कर रहे दो लोगों को जवानों ने देखा। संदेह होने पर दोनों को रोककर पूछताछ की गई।
पूछताछ में दोनों ने अपनी पहचान एहसान जमील और कबातुल्लाह के रूप में बताई। दोनों अररिया जिले के ग्राम बेला के निवासी बताए गए हैं। तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद नीले प्लास्टिक के थैले से कुल 1 लाख 73 हजार रुपये नेपाली मुद्रा मिली। मुद्रा के संबंध में पूछताछ करने पर दोनों कोई संतोषजनक जानकारी नहीं दे सके।
एसएसबी ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बरामद नेपाली मुद्रा, मोटरसाइकिल और दोनों व्यक्तियों को आगे की कार्रवाई के लिए एलसीएस भीमनगर, सुपौल को सौंप दिया। कार्रवाई सहायक उप निरीक्षक रूबुल सोनवाल के नेतृत्व में की गई।
45वीं वाहिनी एसएसबी, बीरपुर के द्वितीय कमान अधिकारी एवं कार्यवाहक कमांडेंट जगदीश कुमार शर्मा ने बताया कि सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों और तस्करी पर नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी और नियमित गश्त की जा रही है। सीमा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए बल सतर्कता के साथ अभियान चला रहा है।
















