कानपुर, 18 सितंबर।
रेल बाजार थाना क्षेत्र में जिलाबदर किए गए एक युवक को आदेश का उल्लंघन कर शहर में मौजूद पाए जाने पर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। खपरा मोहाल निवासी शोएब उर्फ सिजारो मरी कंपनी पुल के पास राहगीरों से अभद्रता कर रहा था।
पुलिस को युवक के वहां होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद टीम मौके पर पहुंची और उसे पकड़कर हिरासत में ले लिया।
पुलिस के मुताबिक शोएब को चार महीने के लिए कानपुर जिले की सीमा से बाहर रहने का आदेश दिया गया था। प्रतिबंधित अवधि के दौरान शहर में मिलने पर उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम की धारा 10 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
थाना प्रभारी अमान सिंह ने बताया कि गुरुवार को सूचना मिली थी कि जिलाबदर किया गया युवक मरी कंपनी पुल के पास खड़ा होकर राहगीरों से गाली-गलौज कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम वहां पहुंची और उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस को आशंका थी कि युवक किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में था।
पुलिस ने उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की तो हत्या और हत्या के प्रयास जैसे मामलों समेत तीन मुकदमे दर्ज मिले। इन्हीं आपराधिक गतिविधियों के चलते उसे चार महीने के लिए जिलाबदर किया गया था।
जिलाबदर अवधि में शहर में पाए जाने पर पुलिस ने आदेश के उल्लंघन के मामले में उसके खिलाफ कार्रवाई की।
कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने शोएब को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
















