जबलपुर, 18 सितंबर।
मध्य प्रदेश के जबलपुर में गणेश पंडाल के पास शुरू हुआ विवाद चाकूबाजी में बदल गया। रांझी थाना क्षेत्र के पुराना झंडा चौक स्थित मेजर किराना स्टोर की गली में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात 19 वर्षीय युवक अंशू पिता राजेश चौधरी पर चाकू से हमला किया गया। चाकू पेट में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, अंशू अपने दो दोस्तों के साथ मेजर किराना स्टोर की ओर जाने वाली गली में मौजूद था। इसी दौरान गणेश पंडाल के पास युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान एक युवक ने कथित तौर पर चाकू निकालकर अंशू के पेट में वार कर दिया।
चाकू लगने के बाद अंशू गंभीर हालत में मौके पर गिर पड़ा। घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई और घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। मेडिकल कॉलेज में उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर रांझी थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल के बयान दर्ज किए। उसकी शिकायत के आधार पर चाकूबाजी का प्रकरण दर्ज किया गया है। सीएसपी सतीश साहू के अनुसार, घायल के बयान के आधार पर दो संदिग्ध युवकों की पहचान हुई है। दोनों की उम्र करीब 17 से 18 वर्ष बताई जा रही है।
पुलिस की टीमें संदिग्धों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों के पकड़े जाने के बाद उनकी वास्तविक उम्र और विवाद की वजह स्पष्ट हो सकेगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि गणेश पंडाल के पास विवाद किस बात से शुरू हुआ और किन परिस्थितियों में चाकू से हमला किया गया।
















