लखनऊ, 18 सितंबर।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला का शव घर के अंदर बिस्तर पर मिला। परिजनों ने गला रेतकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
ग्राम खुर्रमपुर निवासी छिदाना अपने घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिलीं। पड़ोस में रहने वाली आशा रोज की तरह उन्हें दूध देने पहुंची थी। घर के अंदर चारपाई पर खून से लथपथ शव देखकर उसने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
जानकारी मिलते ही बंथरा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और वरिष्ठ अधिकारियों को घटना से अवगत कराया। पुलिस ने घर की तलाशी और घटनास्थल की जांच शुरू की। जांच के दौरान मकान चारों ओर से बंद मिला। महिला का शव बिस्तर पर था। नाक और मुंह से खून निकलने के साथ गले पर चोट के निशान भी मिले। पुलिस के अनुसार, मृतका के परिजन घटना को लेकर फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके।
दक्षिणी पुलिस उपायुक्त मो. मुश्ताक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक और फील्ड यूनिट ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। घटना की जांच और इसके खुलासे के लिए पुलिस ने चार टीमें गठित की हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है।
















