कटनी, 18 सितंबर।
मध्य प्रदेश के कटनी जिले के कुठला थाना क्षेत्र के चर्चित हत्याकांड में आरोपी को कथित संरक्षण देने और उसकी जमीन का सौदा कराने के आरोपों से घिरीं निलंबित एवं फरार सीएसपी नेहा पच्चीसिया समेत तीन आरोपियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सक्षम न्यायालय ने नेहा पच्चीसिया, उनके सहयोगी क्षितिज राज बारापत्रे और मारूफ अहमद हनफी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने वारंट जारी होने की पुष्टि की है। अदालत के आदेश के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार निर्धारित समय में आरोपी आत्मसमर्पण नहीं करते या पुलिस की गिरफ्त में नहीं आते हैं तो कानूनी प्रावधानों के तहत उन्हें भगोड़ा घोषित करने की कार्रवाई की जा सकती है। विशेष कार्य बल की ओर से गिरफ्तारी वारंट के लिए अदालत में आवेदन दिया गया था।
मामले में पीड़ित पक्ष के वकील ने आरोपियों की संपत्ति कुर्क करने की मांग भी अदालत के समक्ष रखी है। वहीं, फरार पूर्व सीएसपी नेहा पच्चीसिया ने अपने खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को निरस्त कराने के लिए मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय में याचिका दायर की है। इस याचिका पर 21 सितंबर को सुनवाई निर्धारित है।
इससे पहले पुलिस ने तीनों फरार आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। कुठला थाने के इस चर्चित मामले में पुलिस और न्यायालय की कार्रवाई के बीच अब आरोपियों की गिरफ्तारी प्रकरण की आगे की कार्रवाई के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
















