पुरुलिया, 19 सितंबर।
पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के टामना थाना क्षेत्र के रामकृष्णपल्ली स्थित एक मेस में युवती की हत्या के मामले की जांच आगे बढ़ रही है। शुक्रवार शाम पुलिस की विशेष टीम मुख्य आरोपी प्रेमी अमित महतो और मेस मालिक को लेकर दोबारा घटनास्थल पर पहुंची।
सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुलिस ने बंद कमरे में वारदात के घटनाक्रम को दोहराया और मौके से साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान घटना से जुड़े अलग-अलग पहलुओं को समझने का प्रयास किया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार हत्या में इस्तेमाल किए गए धारदार हथियार की पहचान कर ली गई है। अब फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से हथियार से उंगलियों के निशान और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया चल रही है।
हालांकि, पुलिस ने अभी तक हथियार बरामद होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मामले में अंतिम पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है।
घटना के बाद जिला पुलिस ने पुरुलिया शहर और आसपास के छात्र-छात्राओं के मेस की निगरानी बढ़ाने का फैसला किया है। इसके तहत महिला पुलिस की ‘विनर्स टीम’ नियमित रूप से मेस का औचक निरीक्षण करेगी।
उधर, पुरुलिया शहर के आईटी पार्क स्थित उस शिक्षण संस्थान में भी घटना को लेकर रोष है, जहां मृतका नर्सिंग का प्रशिक्षण ले रही थी। संस्थान प्रमुख के अनुसार मृतका ने कुछ समय के अंतराल के बाद 26 जून को संस्थान में प्रवेश लिया था और वह नियमित तथा अनुशासित तरीके से कक्षाओं में शामिल होती थी।
कॉलेज के शिक्षक और विद्यार्थियों ने आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की है। साथ ही उन्होंने मामले की सुनवाई त्वरित न्यायालय में कराने की मांग प्रशासन के सामने रखी है।
















