दमोह, 19 सितंबर।
मध्य प्रदेश के दमोह जिले के मगरोन थाना क्षेत्र के कबीरपुर गांव में शनिवार तड़के एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी और तीन बच्चों की कुल्हाड़ी से हत्या करने का आरोप है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।
प्रारंभिक पुलिस जानकारी के मुताबिक घटना सुबह करीब चार बजे की है। आरोप है कि द्वारका पटेल ने अपनी 42 वर्षीय पत्नी खेमा और तीन बच्चों उर्मिला, उमेश तथा राजा की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना की जांच के लिए फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।
प्रारंभिक स्तर पर पारिवारिक विवाद या मानसिक तनाव जैसी संभावनाओं को भी जांच में शामिल किया गया है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारण का पता पुलिस पूछताछ और विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।
















