जौनपुर, 21 सितंबर।
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के रामपुर खास में सोमवार सुबह ग्राम विकास अधिकारी जयसिंह गुप्ता पर लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ मारपीट के दौरान सरकारी दस्तावेज और डोंगल भी छीनकर तोड़ दिए। घटना में उनके भाई और भांजे के साथ भी मारपीट किए जाने की बात सामने आई है।
जयसिंह गुप्ता के अनुसार, वह सोमवार सुबह पेट्रोल पंप की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर मारपीट करने लगे। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों ने असलहा दिखाकर उन्हें धमकाया भी। हमले में उनके सिर और पैरों में चोट आई और वह बेहोश हो गए।
ग्राम विकास अधिकारी का आरोप है कि हमलावर सरकारी काम से जुड़े दस्तावेज और डोंगल अपने साथ ले गए और उन्हें तोड़ दिया। इससे सरकारी कार्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने विनोद जायसवाल, राज जायसवाल सहित कई नामजद और कुछ अज्ञात लोगों पर मारपीट तथा धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने कट्टा दिखाकर जान से मारने की धमकी दिए जाने की बात भी कही है।
घटना की जानकारी मिलने पर जयसिंह के भाई संतोष गुप्ता और भांजे प्रियांशु गुप्ता मौके पर पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की। जयसिंह ने बताया कि उन्हें सरकारी कार्य से ग्राम पंचायत हिनौती में आयोजित जन चौपाल में शामिल होना था, लेकिन हमले के कारण वह वहां नहीं पहुंच सके।
क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं विजय चौधरी ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और घटनास्थल से जानकारी जुटाई जा रही है। अभी पुलिस को तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
















