नई दिल्ली, 21 सितंबर।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लैपटॉप चोरी करने के मामले में रेलवे सुरक्षा बल ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर निर्माण विहार की एक दुकान से 11 लैपटॉप बरामद किए गए। इनमें तीन लैपटॉप चोरी से संबंधित ई-एफआईआर में दर्ज संपत्ति से मेल खाते पाए गए हैं।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय के अनुसार, ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से लैपटॉप बैग चोरी होने की कई शिकायतें रेल मदद और 139 हेल्पलाइन के माध्यम से मिली थीं। शिकायतों को देखते हुए आरपीएफ, दिल्ली मंडल ने संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमें गठित की थीं।
टीमों ने स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और एक संदिग्ध की पहचान कर उसकी गतिविधियों पर निगरानी शुरू की। 20 सितंबर को आरपीएफ ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के फुट ओवरब्रिज पर संदिग्ध को लैपटॉप बैग के साथ पकड़ लिया।
आरोपित की पहचान करीब 25 वर्षीय शादाब पुत्र शमशाद, निवासी ग्राम एवं पोस्ट थाना मुंडाली, जिला मेरठ, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। उसे बरामद सामान के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की जीआरपी के सुपुर्द किया गया है। मामले में ई-एफआईआर संख्या 80079767/26 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में आरोपित ने कथित तौर पर लैपटॉप चोरी की 12 से 15 घटनाओं में शामिल होने की जानकारी दी। उसने बताया कि चोरी किए गए लैपटॉप निर्माण विहार स्थित सिल्वर इंपेक्ट शॉप में बेचे गए थे। इसके बाद जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने दुकान पर कार्रवाई कर 11 लैपटॉप बरामद किए।
सत्यापन में तीन लैपटॉप संबंधित ई-एफआईआर में दर्ज संपत्ति से मेल खाए। शेष आठ लैपटॉप को जहां लागू हो, दिल्ली पुलिस अधिनियम की धारा 103 के तहत कब्जे में लिया गया है। इनके स्वामित्व और अन्य मामलों से संबंध की जांच जारी है।
मंडल रेल प्रबंधक पुष्पेश रमण त्रिपाठी ने कार्रवाई में शामिल आरपीएफ अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की। आरपीएफ ने यात्रियों से मूल्यवान सामान और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को लेकर सतर्क रहने तथा चोरी या संदिग्ध गतिविधि की सूचना रेल मदद, 139 या निकटतम आरपीएफ एवं जीआरपी कर्मियों को देने की अपील की है।
















