देहरादून, 21 सितंबर।
देहरादून के क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह 26 वर्षीय महिला काजल की गोली लगने से मौत हो गई। महिला के पति धीरज पंवार पर उसकी हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद से वह फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पुलिस मीडिया सेल के मुताबिक, सुबह करीब छह बजे धीरज ने कंट्रोल रूम में फोन कर पत्नी को गोली मारने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला। कॉल लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम एक प्लॉट स्थित कमरे में पहुंची, जहां काजल का शव मिला। शुरुआती जांच में उसकी मौत गोली लगने से होने की पुष्टि हुई है।
काजल ईदगाह रोड, सुभाष नगर में अपने पति के साथ रहती थी। उसका भाई अभिषेक भी घटनास्थल के पास रहता है। भाई ने पुलिस को बताया कि दंपति के बीच पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था।
पुलिस और फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। मृतका के भाई की शिकायत पर क्लेमेनटाउन थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। आरोपित पति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
















