लखीमपुर खीरी, 21 सितंबर।
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में सोमवार सुबह स्कूल परिसर में महिला शिक्षिका की गोली मारकर हत्या के बाद युवक ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना शाहपुरा कोठी चौराहा स्थित चिल्ड्रेन्स एकेडमी की है। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अंजनी कुमारी और पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, नौरंगाबाद निवासी 28 वर्षीय मोहम्मद साउद सोमवार को स्कूल पहुंचा था। पहली मंजिल के गलियारे में उसकी मुलाकात 26 वर्षीय शिक्षिका निशात फातिमा से हुई। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई। इसके बाद साउद ने पिस्तौल निकालकर शिक्षिका को गोली मार दी। इसके तुरंत बाद उसने अपनी कनपटी पर गोली चला ली। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद स्कूल में मौजूद बच्चे और स्टाफ सहम गए। जानकारी मिलने पर पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शिक्षिका की हत्या के बाद युवक ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या की है। घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
घटना के बाद स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस इस बिंदु की जांच कर रही है कि बाहरी व्यक्ति पिस्तौल लेकर स्कूल परिसर के अंदर कैसे पहुंचा और प्रवेश द्वार पर उसे रोका या पूछताछ क्यों नहीं की गई।
















