नई दिल्ली, 21 सितंबर।
वजीराबाद स्थित दिल्ली पुलिस अकादमी में सोमवार को शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान 23 वर्षीय युवक की अचानक गिरने से मौत हो गई। युवक दौड़ पूरी करते समय ट्रैक पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद स्टाफ ने उसे प्राथमिक उपचार दिया और पीसीआर वैन से अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 11:11 बजे सोनिया विहार थाना पुलिस को जेपीसी अस्पताल से सूचना मिली कि दिल्ली पुलिस अकादमी, वजीराबाद से एक युवक को पीसीआर वैन के जरिए आपातकालीन विभाग में लाया गया है। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसकी मौत की पुष्टि की।
मृतक की पहचान सौरभ कुमार के रूप में हुई है। वह लच्छी सिंह का बेटा था और उत्तर प्रदेश के अनूपशहर के सलामतपुर गांव स्थित नेता नगर का निवासी था। सौरभ दिल्ली पुलिस अकादमी में आयोजित शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल होने आया था। दौड़ के दौरान वह अचानक ट्रैक पर गिर गया था।
घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। युवक की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सामने आएगी। सोनिया विहार थाना पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।















