लखनऊ, 21 सितंबर।
लखनऊ के कृष्णानगर थाना क्षेत्र में रामबाबू हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक की पत्नी पुष्पा मौर्य और उसके प्रेमी नीरज वर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पति को पत्नी के प्रेम संबंध की जानकारी हो गई थी और वह इसका विरोध करता था, जिसके बाद दोनों ने हत्या की साजिश रची।
पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मो. मुश्ताक ने सोमवार को बताया कि हरदोई रोड स्थित ग्राम गोला कुआं निवासी श्याम बाबू ने 14 सितंबर को अपने भाई रामबाबू की हत्या की सूचना दी थी। मामला दर्ज होने के बाद जांच के लिए चार टीमें गठित की गईं। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के करीब 180 से 200 सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी और मैनुअल साक्ष्यों के साथ स्थानीय सूचना के आधार पर कानपुर नगर के बिठूर निवासी नीरज वर्मा और रामबाबू की पत्नी पुष्पा मौर्य को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में पुष्पा ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी को करीब 12 वर्ष हो चुके थे। कुछ समय पहले उसके रिश्तेदार नीरज से प्रेम संबंध हो गए थे। इसकी जानकारी रामबाबू को होने पर उसने विरोध किया, जिसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद होने लगा। नीरज का घर आना-जाना भी बंद हो गया था। इसके बाद दोनों ने रामबाबू को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
योजना के तहत पहले रामबाबू की मोटरसाइकिल गायब कराई गई। बाद में नीरज की मदद से मोटरसाइकिल बरामद कराई गई, जिससे रामबाबू का उस पर भरोसा दोबारा कायम हो गया और उसका घर आना-जाना शुरू हो गया।
घटना से एक दिन पहले पुष्पा पति को बालाजी दर्शन के लिए जाने की बात कहकर घर से बाहर चली गई। घटना वाले दिन नीरज ने रामबाबू को पार्टी के बहाने कृष्णानगर बुलाया। दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। पुलिस के अनुसार, रामबाबू के अधिक नशे में होने के बाद नीरज ने घरेलू चाकू से उसके गले पर वार कर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद पुष्पा ने ही नीरज के साथ मिलकर रामबाबू के भाई को घटना की जानकारी दी, ताकि दोनों पर शक न हो। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
















