जगदलपुर, 21 सितंबर।
जगदलपुर के बोधघाट थाना क्षेत्र में नया बस स्टैंड के पास रविवार रात चाकू से हमला कर 30 वर्षीय युवक कैलाश गुप्ता की हत्या कर दी गई। वारदात के बाद फरार हुए आरोपित को पुलिस ने पकड़ लिया है। जांच में आरोपित के नाबालिग होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब नौ बजे गंगामुंडा क्षेत्र में रहने वाले कैलाश गुप्ता को दो युवक उसके घर से बुलाकर नया बस स्टैंड की ओर ले गए थे। दोनों उसे शराब दुकान के पास लेकर पहुंचे, जहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी के दौरान दोनों युवकों ने चाकू निकालकर कैलाश पर हमला कर दिया।
चाकू का वार कैलाश के पेट के ऊपरी हिस्से में लगा। गंभीर चोट लगने से वह जमीन पर गिर गया और कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने कैलाश को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद दोनों युवक मौके से भाग गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने फरार आरोपित को पकड़ लिया।
जगदलपुर सीएसपी सुमीत कुमार ने सोमवार को बताया कि हत्या नाबालिग ने की है। पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि मृतक ने उसके पिता से कुछ कह दिया था, इसी बात को लेकर वह नाराज था। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
















