प्रयागराज, 22 सितंबर।
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के करछना थाना क्षेत्र स्थित कैथी गांव में मंगलवार को घरेलू विवाद के दौरान 12 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार बच्चे पर उसके पिता ने हमला किया था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में पिता को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि कैथी गांव निवासी 12 वर्षीय अभिषेक द्विवेदी का मंगलवार को किसी बात को लेकर अपने पिता रघुनंदन द्विवेदी से विवाद हो गया था। विवाद के दौरान पिता ने बेटे पर चाकू और डंबल से हमला कर दिया। हमले में अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिजन और अन्य लोग बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है। इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार घटना के पीछे घरेलू विवाद की बात सामने आई है। मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
















