शिमला, 22 सितंबर।
शिमला जिले के जुब्बल क्षेत्र में देवता खोड़ के मंदिर में चोरी का मामला सामने आया है। अज्ञात व्यक्ति मंदिर से देवता की मूर्ति, दानपात्र और उसमें रखी नकदी ले गया। घटना 17 से 20 सितंबर के बीच की बताई गई है। पुलिस ने शिकायत के बाद प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मंडल गांव निवासी नारायण सिंह ने पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को गांव के लोगों ने मंदिर में पूजा की थी। इसके बाद 20 सितंबर को वह दिन में मंदिर के पास स्थित अपने खेत में काम कर रहे थे।
इसी दौरान उनकी नजर मंदिर के खुले दरवाजे पर पड़ी। अंदर जाकर देखने पर देवता खोड़ की मूर्ति और दानपात्र गायब मिला। दानपात्र में करीब 350 रुपये की नकदी रखी हुई थी।
शिकायत के अनुसार चोरी 17 सितंबर को पूजा होने के बाद और 20 सितंबर के बीच किसी समय हुई। चोरी हुई मूर्ति पीतल जैसी धातु की बनी बताई गई है। मूर्ति, नकदी और अन्य सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 35 हजार रुपये है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया है। जांच की जिम्मेदारी सरस्वती नगर पुलिस चौकी प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक प्यारे सिंह को दी गई है।
पुलिस अज्ञात आरोपित की पहचान करने के साथ चोरी हुई मूर्ति और अन्य सामान की बरामदगी के प्रयास कर रही है।
















