औरैया, 22 सितंबर।
उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के पुराने अछल्दा कस्बे में बुढ़वा मंगल के दिन बाइक से मांस बेच रहे एक अधेड़ व्यक्ति को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने बाइक से 65.500 किलो संदिग्ध मांस बरामद किया है।
पकड़े गए व्यक्ति की पहचान इटावा के गाड़ीपुरा निवासी 59 वर्षीय मुस्ताक अहमद, पुत्र निशार अहमद, के रूप में हुई है। बताया गया कि वह बाइक पर मांस लेकर क्षेत्र में घूम-घूमकर उसे बेच रहा था।
इसी दौरान गौ रक्षा दल के सदस्य जितेंद्र सेंगर और सम्राट श्रीवास्तव ने उसे पुराने अछल्दा कस्बे में मांस बेचते हुए पकड़ लिया। सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक जय प्रकाश पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और बरामद मांस को कब्जे में लिया।
पुलिस ने मामले की जानकारी पशु चिकित्सा विभाग को दी। पशु चिकित्सक सौरभ मौके पर पहुंचे और बरामद मांस का नमूना जांच के लिए लिया।
थाना प्रभारी सुरेश चंद्र के अनुसार, मांस के नमूने को जांच के लिए मथुरा भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद मांस किस पशु का है।
















