जयपुर, 23 सितंबर।
राजस्थान की राजधानी जयपुर में वाहन चोरी करने वाले एक शातिर और संगठित गिरोह के खिलाफ गलता गेट थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जिनकी निशानदेही पर विभिन्न इलाकों से चुराई गई कुल 17 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। बरामद किए गए इन सभी वाहनों की कुल अनुमानित बाजार कीमत करीब 24 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस की पूछताछ में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आरोपी दिन के वक्त शहर की विभिन्न कॉलोनियों और रिहायशी इलाकों में नई और महंगी बाइकों की रेकी (निगरानी) करते थे। इसके बाद रात के अंधेरे में वे मास्टर चाबी यानी एलंकी की मदद से वाहनों का लॉक तोड़कर उन्हें चुरा ले जाते थे। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अखिलेश मीणा और निशांत उपाध्याय उर्फ निक्की (दोनों निवासी भुसावर, जिला भरतपुर) तथा उस्मान उर्फ मुन्ना (निवासी खो नागोरियान, जयपुर) के रूप में हुई है। गिरोह का मुख्य सरगना अखिलेश मीणा है, जिसके खिलाफ पहले से भी भरतपुर और जयपुर के कई थानों में वाहन चोरी के गंभीर मामले दर्ज हैं। आरोपी उस्मान दिन में शटरिंग का काम करता था और इसी आड़ में कॉलोनियों में खड़ी नई गाड़ियों की रेकी करता था। चोरी की इन वारदातों से मिलने वाले रुपयों से वे अपने शौक पूरे करते थे। पुलिस ने गलतागेट, मालवीय नगर, गांधीनगर, जामडोली, रामगंज, मुरलीपुरा और जयसिंहपुरा खोर समेत कई थाना क्षेत्रों से चुराई गई मोटरसाइकिलें (जिनमें स्प्लेंडर और बुलेट भी शामिल हैं) जब्त कर ली हैं तथा आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
















